देवरिया:हाईटेंशन तार गिरने से किसान की मौत,रुद्रपुर-बरहज मार्ग पर शव रख लगाया जाम
देवरिया: गुरुवार को मदनपुर किसान नेबूलाल चौहान 55 वर्ष पुत्र श्रवण चौहान अपराह्न पशुओं के लिए चारा काटने खेत में गया था। इसी बीच हाईटेंशन तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। इलाज के लिए सीएचसी रुद्रपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नेबूलाल की मौत की खबर मिलते ही पत्नी कुंती देवी पछाड़ खाकर गिर पड़ी। गुस्साए ग्रामीणों ने यूनियन बैंक के सामने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ दिनेश कुमार सिंह यादव भी पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीण मंत्री व विभाग से शिकायत के बाद भी जर्जर तारों को न बदलवाए जाने का आरोप लगा रहे थे।
काफी मान-मनौव्वल के बाद भी ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। जिससे पुलिस बैकफुट पर थी। करीब सात बजे उपजिलाधिकारी रुद्रपुर सुनील कुमार सिंह ने सरकार से आर्थिक् मदद दिलाने व जर्जर तार बदलवाने आदि के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हो सका। जबकि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नेबूलाल की मौत से नौ संतानों में सबसे छोटी बबली अपनी किस्मत का रोना रो रही थी। नेबूलाल की छोटी पुत्री बबली की शादी नहीं हुई है।