देवरिया: जिला कारागार में बंदी की मौत, भूख हड़ताल पर बैठे अन्य बंदी; जेल प्रशासन के छूटे पसीने
देवरिया: कुशीनगर के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर भरथा खां के रहने वाला पिंटू यादव(36) पुत्र राजदेव यादव रेप के मामले में सजायाफ्ता था। लगभग चार माह पूर्व ही उसे सजा हुई थी। तभी से वह जिला कारागार के बैरक नम्बर 13 में बंद था।
पिछले दो माह से उसकी तबियत खराब चल रही थी। उसे जिला कारागार के अस्पताल के डाक्टर देख रहे थे। डाक्टर कैदी के बहाना बनाने की बात करते थे और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल नहीं भेजा गया। बैरक नम्बर 13 में शुक्रवार की रात में अचानक कैदी को दर्द होने लगा। आस पास के बंदी शोर मचाने लगे।
बंदी रक्षक उसे लेकर जेल के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां न तो डाक्टर और न ही फार्मेसिस्ट थे। आनन फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेल प्रशासन ने कैदी की मौत की सूचना उसके परिजनों को दी। वहीं कैदी की मौत की सूचना शनिवार की सुबह जेल में फैल गई।
साथी कैदी की मौत के बाद जिला कारागार के बंदियों व कैदियों ने भूख हड़ताल शुरु कर दिया। भूख हड़ताल की सूचना पर जेल में हड़कंप मच गया। जेल के अधिकारी और कंदी रक्षक भूख हड़ताल को समाप्त करने के लिए मान मन्नौवल करने लगे। लेकिन बंदी और कैदी मानने को तैयार नहीं थे। वह जेल के डाक्टर और फार्मेसिस्ट के विरुद्ध कार्रवाई, भोजन की गुणवत्ता ठीक करने और साथी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।
बीमारी के चलते एक कैदी की मौत हो गई है। वह रेप के मामले में सजायाफ्ता था। परिजनों को सूचना दे दिया गया है। कैदी की मौत पर बंदी भोजन नहीं कर रहे हैं। उन्हें मनाया जा रहा है।
केपी त्रिपाठी, जेल अधीक्षक देवरिया