बस्ती: पैकोलिया थानाक्षेत्र के मुईली में नाबालिग से दुष्कर्म के 2 आरोपी गिरफ्तार

बस्ती| पैकोलिया थाना क्षेत्र के मुइली गांव निवासी दुष्कर्म के दो आरोपितों को पुलिस ने सोमवार की सुबह हड़ही बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
लालचंद व नंदलाल पर नाबालिग बालिका के साथ दो जनवरी की रात करीब आठ बजे बाग में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। चंगुल से मुक्त होकर ग्यारह बजे रात जब बालिका घर पहुंची तो परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता के बयान पर पुलिस मामले में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की बढ़ोतरी कर आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। थानाध्यक्ष रामानंद भारती ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब छह बजे हड़ही बाजार से उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी अपने हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बस्ती| किशोरी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज
बस्ती/ कलवारी| पुलिस ने किशोरी को अगवा करने तथा इस जुर्म में सहयोग करने के आरोपितों पर सोमवार को एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
तहरीर देकर किशोरी के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी रविवार की रात अपनी मां के साथ सोई थी। सोमवार भोर में जब उसकी पत्नी जागी तो देखी कि बेटी वहां नहीं है। घर के लोगों को बताया तो उसे ढूंढा जाने लगा। बिस्तर पर मोबाइल फोन मिला, जिसका नंबर दूसरे गांव के एक लड़के विशाल का था। उसके गांव गए तो उसके परिवार के लोगों ने कहा कि उन्हें इस मामले में कुछ भी मालूम नहीं है।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी अपने साथ घर में रखी नकदी व जेवर भी ले गई है। प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज का लिया गया है। जांच क्षेत्राधिकारी कलवारी कर रहे हैं। किशोरी को ढूंढ निकालने तथा आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
खाते से रकम उड़ाने के दो मामलों में मुकदमा
बस्ती| वाल्टरगंज व गौर पुलिस ने आनलाइन बैंक खाते से रकम उड़ाने के दो मामलों में मुकदमा दर्ज किया है। वाल्टरगंज के पिपरा जप्ती गांव निवासी मनोज कुमार आनंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनके क्रेडिट कार्ड से किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक शापिग एप के जरिये 9899 रुपये की खरीदारी कर ली। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने स्थानीय पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आइटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं गौर थाना क्षेत्र के लोहियानगर बभनान निवासी सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार उनके खाते से किसी ने छह हजार रुपये आनलाइन दूसरे खाते से ट्रांसफर कर लिया। ई-एफआइआर से मिली शिकायत के आधार पर गौर पुलिस ने आइटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है।
गोटवा, बस्ती: नगर थाना क्षेत्र के रिठिया गांव निवासी संजीव चौधरी की बाइक चोरी होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। उनकी बाइक 14 दिसंबर 2020 को दरवाजे पर से ही चोरी हो गई थी।