बस्ती: हर्रैया के पास हाइवे किनारे कुंए में मिली महिला की लाश

हर्रैया कस्बे में हाईवे के समीप बभनान चौराहे के पास बने ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर कुएं में युवती का शव उतराता मिला। उसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई
बस्ती| नगर पंचायत हर्रैया में हाईवे किनारे एक स्थित एक कुएं से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। यह कुआं हाइवे ओवरब्रिज के अंडरपास के निकट है। आशंका है कि हत्या कर महिला का शव लाकर डाल दिया गया है। युवती की पहचान नहीं हो पाई है। युवती का शव मिलने से कस्बे में सनसनी फैल गई। एसओ हर्रैया सर्वेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।

नगर पंचायत हर्रैया के वार्ड नगर छह मोतीनगर में शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे अंडरपास के पास घर के पीछे एक व्यक्ति लघुशंका के लिए गया। लघुशंका के दौरान उसने देखा कि कुएं में लाश है। जालीदार कुएं का एक हिस्सा खुला हुआ था। शव मिलने की सूचना तेजी से हर्रैया कस्बे में फैली। किसी ने एसओ हर्रैया सर्वेश राय को इसकी जानकारी दिया। मौके पर काफी भीड़ जुट गई। कुछ देर में पहुंची हर्रैया पुलिस ने चौकीदारों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला।
एसओ श्री राय ने बताया कि महिला की उम्र करीब 30 वर्ष है। काला सलवार व आसमानी कुर्ती पहने महिला के बाएं हाथ में एक अंगूठी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के गले पर काले धब्बे का निशान है। आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया। लोगों में चर्चा है कि महिला पढ़ी-लिखी व किसी संभ्रांत परिवार की लग रही है।