बस्ती: 2 महीने पहले गायब बुजुर्ग की गांव के बगल तालाब में मिली लाश

बस्ती| मुंडेरवा थाना क्षेत्र के सिरौता गांव के बाहर बंडा ताल में रविवार को सुबह दो महीने पहले गायब अधेड़ का शव मिला। शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान गांव के ही विफई के रूप में की गई। वह दो महीने से गायब था।
गांव के चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो माह से घर से लापता था 55 वर्षीय विफई सिरौता गांव निवासी स्व. भगवान दास का मझला बेटा विफई दिमागी रूप से कमजोर था। धान की कटाई के समय वह घर से खेत में धान लाने के लिए साइकिल से निकला था लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। स्वजनों ने इसकी सूचना मुंडेरवा पुलिस को भी दी थी। रविवार को सुबह गांव के कुछ बच्चे बंडा तालाब में मछली मारने पहुंचे तो उन्हें तालाब में साइकिल और शव दिखाई दिया। बच्चे शोर मचाते गांव की तरफ दौड़े तो गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। रामप्रकाश और जयप्रकाश दोनों भाई हैं। इन्होंने साइकिल और कपड़ा देखकर मृतक की पहचान 55 वर्षीय भाई विफई के रूप में की।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने मयफोर्स मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।