भारतीय मूल की महिला कमला हैरिस ने, अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर रचा इतिहास

भारतीय मूल की कमला हैरिस ने परिणामों की घोषणा के बाद देशवासियों को पहली बार संबोधित करते हुए कहा,‘‘ जनता के पास बेहतर भविष्य के निर्माण की ताक़त है।’’
नई दिल्ली |अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर कमला हैरिस ने इतिहास रच दिया है। अपने पहले संबोधन में उन्होंने साफ कर दिया है कि वे पहली महिला उपराष्ट्रपति ज़रूर हैं, लेकिन अंतिम नहीं।
कमला हैरिस ने अमेरिकियों से कहा कि उन्होंने जो बाइडेन को राष्ट्रपति के तौर पर निर्वाचित करके अमेरिका के लिए नया दिन सुनिश्चित किया है।
भारतीय मूल की कमला हैरिस(56) ने परिणामों की घोषणा के बाद देशवासियों को पहली बार संबोधित करते हुए कहा,‘‘ जनता के पास बेहतर भविष्य के निर्माण की ताक़त है।’’
उन्होंने शनिवार को डेलावेयर के विलमिंग्टन में कहा,‘‘ आपने स्पष्ट संदेश दिया। आपने उम्मीद, एकता, शालीनता, विज्ञान और सत्य को चुना। आपने अमेरिका के लिए नया दिन सुनिश्चित किया।’’
हैरिस ने अपनी मां श्यामला गोपालन के बारे में कहा कि जब वह पहली बार अमेरिका आई थीं, तो उन्होंने इस पल के बारे में नहीं सोचा होगा।
हैरिस ने कहा,‘‘ मैं उन्हें याद कर रही हूं।’’
भारतवंशी सीनेटर कमला हैरिस अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने वाली पहली महिला हैं। 56 वर्षीय हैरिस देश की पहली भारतवंशी, अश्वेत और अफ्रीकी अमेरिकी उपराष्ट्रपति होंगी।
उन्होंने कहा- मैं पहली (महिला उपराष्ट्रपति) हूं, लेकिन अंतिम नहीं।