संतकबीरनगर कोर्ट से बस्ती जेल जा रहा आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार; सिपाही पर मुकदमा दर्ज
बस्ती: संतकबीरनगर जिले के धनघटा थानांतर्गत से एक किशोरी को अगवा करने के मामले में 12 सितंबर को पुलिस ने इसी थाने के हैंसर बाजार सोनाड़ी निवासी सद्दाम हुसैन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी धनघटा रणधीर मिश्रा की टीम ने अगवा किशोरी को बरामद करने के साथ ही 19 सितंबर को आरोपी सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार शाम पुलिस ने उसे संतकबीरनगर न्यायालय में पेश किया। यहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे बस्ती जेल भेजने का आदेश दिया गया।
इंस्पेक्टर धनघटा रणधीर मिश्रा ने बताया कि सिपाही विमलेश गुप्ता और होमगार्ड संजय दूबे की अभिरक्षा में आरोपी को बस्ती जेल रवाना किया गया था। बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बिहरा के करीब आरोपी सद्दाम ने लघुशंका के बहाने पुलिसकर्मियों से बाइक रुकवाई और चकमा देकर गन्ने के खेत के रास्ते भाग निकला। धरपकड़ के लिए टीमें लगातार सर्च अभियान में जुटी हैं।
उधर, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की सूचना पर संतकबीरनगर के साथ ही बस्ती पुलिस भी अलर्ट हो गई और नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी गई। एएसपी संतकबीरनगर आसित कुमार ने मुंडेरवा थाने पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
संतकबीरनगर में दर्ज हुआ मुकदमा:-
आरोपी की फरारी मामले में मुकदमा मुंडेरवा थाने की बजाय संतकबीरनगर में दर्ज हुआ है। एसपी बृजेश सिंह ने बताया कि सिपाही विमलेश गुप्ता, होमगार्ड संजय दूबे और फरार आरोपी सद्दाम हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं सूत्रों के मुताबिक संतकबीरनगर में मुकदमा दर्ज करने को शुरुआती लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। धनघटा थाने से आरोपी सद्दाम को बस्ती जेल भेजने के लिए सिपाही विमलेश गुप्ता के साथ होमगार्ड संजय दूबे की ड्यूटी लगाई गई थी।
सूत्रों की मानें तो होमगार्ड के बिना ही सिपाही अकेले आरोपी को लेकर बस्ती जेल बाइक से जा रहा था। उसे हथकड़ी भी नहीं पहना रखी थी। मुंडेरवा थाने पर भी इस बात को लेकर चर्चा चलती रही। आखिरकार यह निर्णय हुआ कि मुकदमा मुंडेरवा की बजाय अब संतकबीरनगर जिले में ही दर्ज कराया जाए।