Ayodhya Verdict Today Live Updates: राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद विवाद मामले में शनिवार सुबह सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले देश भर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न धर्म गुरुओं ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा न्यायालय के फैसले का सम्मान करने की अपील की है।
दिल्ली में फैसला सुनाने वाली संविधान पीठ के पांचों न्यायाधीशों के आवास के बाहर शुक्रवार से सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस संवेदनशील मामले में फैसला शनिवार सुबह साढ़े दस बजे सुनाया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा है कि फर्जी या भड़काऊ सामग्री से माहौल को बिगाड़ने की कोशिशों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर किये जाने वाले पोस्ट पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए है। वहीं, रामजन्म भूमि बाबरी मस्जिद विवाद मामले में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले से पहले अयोध्या छावनी में तब्दील हो गयी है।
Sat, 09 Nov 2019 8:45 AM IST
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आज
अयोध्या मामले पर उच्चतम न्यायालय के निर्णय से पहले शनिवार को कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हो रही है जिसमें इस मुद्दे पर पार्टी का रुख तय होगा। पहले सीडब्ल्यूसी की बैठक रविवार को प्रस्तावित थी, लेकिन न्यायालय के शनिवार को निर्णय सुनाना तय होने के बाद बैठक शनिवार सुबह बुलाई गयी। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा,” सीडब्ल्यूसी की बैठक पुनर्निर्धारित की गई है और अब यह नौ नवंबर को सुबह पौने नौ बजे 10 जनपथ पर होगी। बैठक में सीडब्ल्यूसी के सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य हिस्सा लेंगे।”
Sat, 09 Nov 2019 8:31 AM IST
इंटरनेट सेवाएं भरतपुर में बंद साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी ये सेवा बंद कर दी गई है
राजस्थान सरकार ने बताया कि भरतपुर में कल सुबह छह बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
Sat, 09 Nov 2019 7:30 AM IST
सुरक्षा चाक चौबंद
अयोध्या में राम जन्मभूमि पुलिस थाने के पास सुरक्षा चाक चौबंद की गई। सुप्रीम कोर्ट आज सुबह साढ़े दस बजे फैसला सुनाएगा।
Ayodhya Verdict: यूपी में नौ से 11 नवंबर तक स्कूल कॉलेज बंद
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर एक नोटिस के माध्यम से शुक्रवार शाम जानकारी दी गई कि प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ शनिवार सुबह साढ़े दस बजे इस मामले में फैसला सुनायेगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कल नौ नवंबर से 11 नवंबर तक प्रदेश के सभी स्कूल कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने की घोषणा की।
Sat, 09 Nov 2019 7:17 AM IST
Ayodhya Verdict: पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देर शाम कहा कि अयोध्या पर उच्चतम न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, वह किसी की हार-जीत नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात सिलसिलेवार ट्वीट कर यह अपील की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “देश की न्यायपालिका के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए समाज के सभी पक्षों ने, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने, सभी पक्षकारों ने बीते दिनों सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए जो प्रयास किए, वे स्वागत योग्य हैं। कोर्ट के निर्णय के बाद भी हम सबको मिलकर सौहार्द बनाए रखना है।”
Sat, 09 Nov 2019 7:15 AM IST
Ayodhya Verdict: छावनी में तब्दील हुई अयोध्या
रामजन्म भूमि बाबरी मस्जिद विवाद मामले में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले से पहले अयोध्या छावनी में तब्ब्दील हो गयी है। जमीन से आसमान तक पुलिस निगरानी की व्यवस्था की गयी है। शहर के हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। आसमान से ड्रोन कैमरे चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं। अयोध्या की सुरक्षा के प्रभारी एडीजी अभियोजन आशुतोष पांडेय ने ‘भाषा’ को फोन पर विशेष बातचीत में बताया, ”अयोध्या में सुरक्षा के लिये 60 कंपनी पीएसी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गये हैं। इसमें 15 कंपनी पीएसी, 15 कंपनी सीआरपीएफ और 10 कंपनी आरएएफ हाल में अयोध्या आयी है जबकि 20 कंपनी पीएसी पहले से ही यहां तैनात थी। इसके अलावा दूसरे जनपदों से आये सुरक्षाकर्मियों में 1500 सिपाही, 250 सब इंस्पेक्टर, 150 इंस्पेक्टर, 20 डिप्टी एसपी, 11 एडिशनल एसपी तथा दो एसपी तैनात किये गये हैं। इसके अलावा अयोध्या के विभिन्न थानों में तैनात सुरक्षा बल तो पहले से ही यहां पर है।
Ayodhya Verdict: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने की अपील
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आने वाले फैसले को जीत-हार के साथ जोड़कर न देखा जाए। वहीं, दिल्ली सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार को शहर के सारे निजी स्कूलों को बंद रखने की सलाह दी है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह जानकारी दी
Sat, 09 Nov 2019 7:14 AM IST
Ayodhya Verdict: दिल्ली में भी सुरक्षा बढ़ी
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बड़ा दी है और शहर के संवेदनशील इलाके में गश्त बढ़ा दी है। इसके अलावा सोशल मीडिया मंच पर भी नजर रखी जा रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाये जाने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
Sat, 09 Nov 2019 7:13 AM IST
Ayodhya Verdict: भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने कहा कि हिंसा या घृणा फैलाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट और व्हाट्सएप मैसेज करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी गौतम बुध नगर, बृजेश नारायण सिंह ने कहा कि अगर सोशल मीडिया पर कोई ऐसा पोस्ट डालता है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, तो उसके खिलाफ गैंगेस्टर व रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Sat, 09 Nov 2019 7:13 AM IST
Ayodhya Verdict: भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने कहा कि हिंसा या घृणा फैलाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट और व्हाट्सएप मैसेज करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी गौतम बुध नगर, बृजेश नारायण सिंह ने कहा कि अगर सोशल मीडिया पर कोई ऐसा पोस्ट डालता है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, तो उसके खिलाफ गैंगेस्टर व रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Categories: अयोध्या, ताज़ा ख़बरें, देश, धर्म, Country, Utter Pradesh