देवरिया: मदनपुर थाना क्षेत्र के कोरया कटियारी गांव के रहने वाले इंद्रेश कुशवाहा की बेटी प्रियंका की 28 नवंबर को बारात आनी है। शादी की खरीदारी करने के लिए उनकी बहू प्रतिमा उर्फ पदमा (25) पत्नी आशीष कुमार कुशवाहा भलुअनी थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरन गांव के रहने वाले अपने भाई प्रभाकर (22) पुत्र गोविंद कुशवाहा व ननद प्रियंका(20) के साथ सोमवार की दोपहर में बाइक से बरहज जा रही थे। बेलडाड़-कठिनइया मार्ग पर फुलवरिया के पास एकाएक ब्रेकर आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने उन्हें सीएचसी बरहज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने पदमा को मृत घोषित कर दिया। प्रियंका व प्रभाकर का इलाज सीएचसी पर ही चल रहा है। इसकी खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे महिला के पति आशीष कुमार व ससुराल के लोगो का रो-रो कर बुरा हाल है। पदमा की दो पुत्रियां श्रेया तीन वर्ष व श्रुति डेढ़ वर्ष की है। परिजनों के अनुसार 28 नवम्बर को ननद प्रियंका की शादी पड़ी है। शादी से पूर्व 26 नवंबर से अष्टजाम होना था।
Categories: क्राइम्स, ताज़ा ख़बरें, देवरिया, Utter Pradesh