Basti News: प्रियंका निरंजन बनी बस्ती की डीएम; जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल का बलिया स्थानांतरण

बस्ती 07 जून|जालौन की डीएम प्रियंका निरंजन का मंगलवार को देर शाम स्थानांतरण हो गया। अब उन्हें बस्ती जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। उनके स्थान पर चांदनी सिंह जालौन जनपद की नई जिलाधिकारी होंगी।बस्ती की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को बलिया भेजा गया है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन का जालौन जिले में 16 महीने का कार्यकाल रहा। विधानसभा चुनाव के दौरान उनका बेहतर प्रबंधन रहा, जिसकी वजह से मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी हुई। साथ ही गरीब परिवारों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निश्शु्ल्क कोचिंग की मुहिम उनकी सबसे सकारात्मक उपलब्धि रही।
जल संरक्षण के दिशा में भी प्रियंका निरंजन ने कई उपलब्धि हासिल की। जिसको लेकर उनको राष्ट्रीय स्तर तक सम्मानित किया गया। करीब 150 गांवों में की जीवनधारा रही नून नदी का अस्तित्व खत्म होने की कगार पर पहुंच गया था। प्रियंका निरंजन ने नदी को नया जीवन देने की मुहिम चलाई। प्रियंका निरंजन के प्रयास से ही नून नदी आज पानी से लबालब है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डीएम प्रियंका निरंजन के इस कार्य की सराहना मन की बात कार्यक्रम में की थी। प्रियंका निरंजन जिलाधिकारी के तौर पर ही जिला बस्ती स्थानांतरित की गईं हैं, जबकि प्रतीक्षारत चांदनी सिंह को जिलाधिकारी जालौन बनाया गया है।
आपको बता दे कि उत्तर प्रदेश में कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश उद्योग विभाग भेजे गए हैं। उनकी जगह सूर्यपाल गंगवार लखनऊ के नए डीएम होंगे। इंद्र विक्रम सिंह अलीगढ़ के डीएम बनाए गए हैं। कानपुर की जिलाधिकारी नेहा शर्मा हटाई गई हैं। विशाख जी कानपुर के नए डीएम बनेंगे।
कुल 21 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश को गोरखपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। बस्ती की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को बलिया भेजा गया है। जबकि बलिया के डीएम इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है। जालौन की डीएम प्रियंका निरंजन को बस्ती भेजा गया है। चांदनी सिंह को जालौन का डीएम बनाया गया है। इटावा, फिरोजाबाद के भी डीएम बदले गए हैं।